उप्र चुनाव : मायावती सपा व भाजपा पर बरसीं

मायावती ने जनसभा में कहा कि जनता में भाजपा का बड़ा विरोध हो रहा है। जिस पार्टी ने अभी तक उत्तर प्रदेश में अपने मुख्यमंत्री का नाम तय नहीं किया है, वह आगे कैसे काम करेगी, यह सोचने वाली बात है। उन्होंने कहा कि भाजपा की गलत नीतियों के विरोध में पूरी जनता है। यही कारण है कि फजीहत से बचने के लिए वह मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं बता रही है।

सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी को निशाने पर लेते हुए मायावती ने कहा कि कानून व्यवस्था के मामले में फेल सपा ने चुनाव में तमाम दागी चेहरा उतारने के साथ ही देश को दगा देने वाली पार्टी कांग्रेस के साथ गठबंधन किया है।

उन्होंने कहा कि सपा सरकार में शुरू से ही गुंडागर्दी, हत्या, लूट, डकैती जैसे अपराध चरम सीमा पर हैं। प्रदेश में अराजकता बढ़ती ही जा रही है।

बाहुबली अंसारी बंधुओं को पार्टी में शामिल करने वाली बसपा प्रमुख ने कहा कि बसपा ने इस चुनाव में बेदाग चेहरों को उतारा है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने प्रदेश में आधे-अधूरे विकास कार्य कराए। उनके प्रचार और प्रसार में जनता की गाढ़ी कमाई मीडिया में खर्च कर दी। सपा ने बसपा की योजनाओं का चालाकी के साथ नाम बदला है।

मायावती ने कहा सपा नेता मुलायम सिंह ने पुत्रमोह में जनता के सामने अपने भाई शिवपाल को अपमानित किया है। इस कारण सपा में दो खेमे हो गए हैं। इस कारण उन्हें वोट न दें।

उन्होंने कहा, “मैं खासतौर से मुस्लिम समाज से कहती हूं कि वह सपा का समर्थन कर अपना वोट खराब न करें, नहीं तो भाजपा को फायदा मिल जाएगा। दंगे कराने वाली दोनों पार्टियों को सत्ता से दूर रखना है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493