पलनीस्वामी ने कार्यभार संभाला, योजनाओं की झड़ी लगाई

चेन्नई, 20 फरवरी (आईएएनएस)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ई.के.पलनीस्वामी सोमवार को कार्यभार संभालने के साथ ही कई कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की, जो ऑल इंडिया द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) के चुनाव वादों का हिस्सा है।

नए मुख्यमंत्री ने कामकाजी महिलाओं के लिए दोपहिया वाहन योजना, मछुआरों के लिए आवास योजना, बेरोजगारी भत्ता दोगुना करने तथा शराब की 500 दुकानों को बंद करने की योजनाओं के क्रियान्वयन का आदेश दिया।

पलनीस्वामी ने संवाददाताओं से कहा कि कामकाजी महिलाओं को निर्बाध रूप से कार्यालय पहुंचने में मदद के लिए पार्टी ने प्रति वर्ष 100,000 महिलाओं को सब्सिडीयुक्त दोपहिया वाहन देने की घोषणा की थी।

अम्मा की दो पहिया योजना के मुताबिक, सरकार दोपहिया वाहनों की कीमत में 50 फीसदी का सब्सिडी देगी और यह सब्सिडी अधिकतम 20,000 रुपये तक की होगी।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, योजना पर प्रति वर्ष 200 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

पलनीस्वामी ने गर्भवती महिलाओं को वित्तीय सहायता 12,000 रुपये से बढ़ाकर 18,000 रुपये करने का आदेश दिया है, जिसका लाभ लगभग छह लाख गर्भवती महिलाओं को मिलेगा और इसपर प्रति वर्ष 360 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।

उन्होंने 10वीं कक्षा में फेल बेरोजगार युवकों को मिलने वाला बेरोजगारी भत्ता बढ़ाकर 200 रुपये कर दिया है, जबकि 10वीं कक्षा पास युवकों को 300 रुपये, 12वीं कक्षा फेल युवकों को 400 रुपये तथा स्नातक व स्नातकोत्तर बेरोजगारों को मिलने वाला भत्ता बढ़ाकर 600 रुपये कर दिया है।

इस पर सालाना अतिरिक्त 31 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।

मुख्यमंत्री ने मछुआरों के लिए 5,000 मकान बनाने की योजना को मंजूरी दे दी है, जिसपर प्रतिवर्ष 85 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य में धीरे-धीरे मद्यनिषेध को लागू करने की दिशा में शराब की 500 दुकानों को बंद करने का आदेश जारी कर दिया गया है।

पलनीस्वामी के मुताबिक, सूखा पीड़ित किसानों को जल्द से जल्द राहत प्रदान किया जाएगा।

यह अभी तक स्पष्ट नहीं है कि सरकार सब्सिडी युक्त दोपहिया वाहनों की योजना का नाम ‘अम्मा दोपहिया वाहन योजना’ कैसे रख सकती है। दिवंगत मुख्यमंत्री तथा एआईएडीएमके की महासचिव जे.जयललिता को अम्मा के नाम से जाना जाता था।

सर्वोच्च न्यायालय ने भ्रष्टाचार के एक मामले में जयललिता तथा तीन अन्य की सजा को बरकरार रखा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493