जम्मू, 21 फरवरी (आईएएनएस)। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी बंद है।
इस वजह से 300 किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग पर बड़ी संख्या में वाहन और यात्री फंसे हुए हैं।
यातायात विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि राजमार्ग पर यातायात की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि राजमार्ग से दोपहर तक मलबा हटाया जा सकता है। राजमार्ग पर और दुर्घटनाएं नहीं होने की पुष्टि के बाद ही यातायात बहाल किया जाएगा।
यातायात विभाग के अधिकारी के मुताबिक, रात के समय भारी बारिश से जिले के कई स्थानों पर भूस्खलन हुए जिस वजह से राजमार्ग को बंद कर दिया गया।
जिले में भूस्खलन से हुए मलबे को हटाने का काम जारी है।
अधिकारी ने बताया, “आज (मंगलवार) को मौसम में सुधार हुआ है और मलबा हटाने का काम जोरों पर है।”
उन्होंने बताया कि सभी फंसे हुए वाहनों को सुरक्षित रूप से पार्क किया गया है। यात्रियों को भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों से दूर रखने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि 300 किलोमीटर लंबे राजमार्ग को भारी बारिश और बर्फबारी के बाद हुए भूस्खलनों की वजह से बंद कर दिया गया। इस वजह से घाटी में आवश्यक सामानों की आपूर्ति भी बाधित हुई है।
dharmpath.com dharmpath