नई दिल्ली, 21 फरवरी (आईएएनएस)। अभिनेत्री और निर्देशक नंदिता दास का कहना है कि मुख्य किरदारों को लेकर अभिनेता अब भी रूढ़िवादी सोच रखते हैं और इस कारण अभिनेत्री ने उन सभी कलाकारों के प्रति सहानुभूति जताई है, जिन्होंने उनकी आगामी फिल्म ‘मंटो’ में सह-कलाकार की भूमिका निभाने से इंकार कर दिया।
नंदिता ने कहा कि इस फिल्म की कास्टिंग उनके लिए आसान नहीं थी।
अभिनेत्री ने कहा कि ‘मंटो’ में मुख्य किरदार मंटो के दोस्त श्याम के किरदार के लिए उन्होंने जितने भी अभिनेताओं से संपर्क किया, उन सभी ने इसे सहायक भूमिका होने के कारण निभाने से इंकार कर दिया।
इस बारे में मुंबई से फोन पर आईएएनएस से नंदिता ने कहा, “अभिनेताओं पर भी दबाव होता है। वे समझते हैं कि पर्दे पर वह सहायक भूमिका में नजर आएंगे। इस फिल्म में इस भूमिका को निभाने के लिए जिन्होंने हामी भरी है, मैं उससे खुश हूं। इस फिल्म के किरदार महत्वपूर्ण हैं और कहानी किरदार से बड़ी होती है।”
नंदिता ने कहा, “हम कलाकारों को फिल्म जगत में काम करने के दौरान चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। मेरी उनसे सहानुभूति है। सहायक भूमिका और खलनायक के किरदारों के लिए सभी की एक सोच होती है। आप कुछ किरदार करते हैं और फिर उनके बारे में सोच बन जाती है।”
इस फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी को सहादत हसन मंटो के किरादार में देखा जाएगा। उनके अलावा, इसमें चंदन रॉय सान्याल भी मुख्य भूमिका में हैं।
फिल्म में चंदन को श्याम की भूमिका में देखे जाने के बारे में नंदिता ने कहा, “वह श्याम का किरदार नहीं निभा रहे हैं। वह एक अन्य लेखक के किरदार में होंगे। श्याम का किरदार कौन निभा रहे है, इसका खुलासा जल्द होगा।”
नंदिता निर्देशित फिल्म ‘मंटो’ 15 मार्च को रिलीज होगी।
dharmpath.com dharmpath