मप्र विधानसभा में विपक्ष के नेता अजय सिंह

भोपाल, 23 फरवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के लिए कांग्रेस आलाकमान ने अजय सिंह के नाम का ऐलान कर दिया है। अजय सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता स्वर्गीय अर्जुन सिंह के बेटे हैं।

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार को पार्टी हाईकमान ने नेता प्रतिपक्ष के लिए अजय सिंह के नाम का ऐलान किया है। इस बात की पुष्टि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता केके मिश्रा ने भी आईएएनएस से चर्चा के दौरान की।

ज्ञात हो कि कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे का अक्टूबर में निधन होने के बाद से यह पद रिक्त था। नेता विपक्ष के चयन के लिए पार्टी हाईकमान ने सोमवार (20 फरवरी) को केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर अजय माकन को विधायकों के साथ बैठक करने भेजा था। माकन की मौजूदगी में हुई बैठक में विधायकों ने एक लाइन का प्रस्ताव पारित कर हाईकमान को नेता के चयन का अधिकार सौंप दिया था।

अजय सिंह पिछली विधानसभा में भी कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष रह चुके हैं। वर्ष 2013 में कांग्रेस ने अजय सिंह के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव लड़ा था। वह दिग्विजय सिंह के मुख्यमंत्रीकाल में मंत्री भी रहे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493