दिल्ली में सिलेंडर फटने से 2 मरे (लीड-1)

नई दिल्ली, 24 फरवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार अल सुबह एक दुकान में रसोई गैस सिलेंडर फटने से लगी आग में दो दमकलकर्मियों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। दमकलकर्मी आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे, जिस दौरान सिलेंडर फट गया।

यह घटना पश्चिमी दिल्ली में विकासपुरी के लाल मार्किट में सुबह 5.35 बजे हुई।

दिल्ली अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की पांच गाड़ियां विकासपुरी पहुंचीं। एक फूड एंड स्नैक्स शॉप में आग लगी थी। हमारे कर्मी जब आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे तभी एलपीजी सिलेंडर फट गया।”

हरी सिंह मीणा (55) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी हरिओम (56) ने कुछ घंटों बाद दम तोड़ दिया।

इस घटना में दमकलकर्मी नवीन और रवींद्र जख्मी भी हुए। उनका इलाज बी.एल.कपूर मेमोरियल अस्पताल में चल रहा है।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे।

उन्होंने कहा, “जब दमकलकर्मियों ने दुकान का शटर उठाया तो विस्फोट हो गया। किसी को भी नहीं पता था कि अंदर सिलेंडर से गैस रिसाव हो रहा है।”

उन्होंने कहा, “यह घटना किसी तरह की चूक से नहीं घटी है। जांच के बाद ही असली कारण का पता चल सकेगा।”

जैन ने दिल्लीवासियों से सुरक्षा नियमों का गंभीरतापूर्वक पालन करने को कहा।

उन्होंने कहा, “इतनी छोटी सी दुकान में चार सिलेंडर थे। आग से बचाव के लिए सुरक्षा उपायों को लेकर जागरूकता फैलाने की जरूरत है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493