वाशिंगटन, 24 फरवरी (आईएएनएस)। पायलट रहित रूसी प्रोग्रेस 66 आपूर्ति वाहक यान शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र (आईएसएस) के पर्स डॉकिंग कंपार्टमेंट में पहुंच गया।
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने कहा, “स्पेस एक्स ड्रैगन कार्गो यान के आईएसएस पहुंचने के ठीक 24 घंटे बाद शुक्रवार को प्रोग्रेस 66 के भी अंतरिक्ष केंद्र पहुंचने के साथ ही अब केंद्र पर मौजूद अंतरिक्ष यानों की कुल संख्या चार हो गई है।”
स्पेस एक्स ड्रैगन कार्गो यान गुरुवार को आईएसएस पहुंचा। पिछली बार नौवहन से संबंधित गलत आंकड़े मिलने के कारण स्पेस एक्स ड्रैगन का बुधवार को आईएसएस पर उतारने का पहला प्रयास असफल रहा था। लेकिन गुरुवार को इसे सफलतापूर्वक उतार लिया गया।
रूसी प्रोग्रेस 66 में एक्सपीडिशन 50 के चालक दल के लिए तीन टन खाद्य पदार्थ, ईंधन तथा आपूर्तियां लदी हैं और यह अपराह्न 2.04 बजे आईएसएस पहुंच गया।
रूसी प्रोग्रेस 66 को बुधवार को कजाकिस्तान से छोड़ा गया था।
प्रोग्रेस 66 अंतरिक्ष केंद्र पर लगभग चार महीने तक खड़ा रहेगा और जून में यह वापस धरती पर लौट आएगा।
प्रोग्रेस 65 आपूर्ति यान के एक दिसंबर, 2016 को गायब हो जाने के बाद कजाकिस्तान के बैकोनूर प्रक्षेपण केंद्र से प्रोग्रेस कार्गो यान का यह पहला प्रक्षेपण है।
मिशन के रूप में ड्रैगन कार्गो क्राफ्ट में लगभग 2,500 किलोग्राम परीक्षण उपकरण तथा आपूर्तियां लदी हुई हैं।
dharmpath.com dharmpath