अभिनेत्री अपहरण कांड में मुख्य आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा

कोच्चि, 24 फरवरी (आईएएनएस)। मलयालम अभिनेत्री के अपहरण मामले के मुख्य आरोपी पल्सर सुनील तथा उसके साथी को यहां एक अदालत ने शुक्रवार को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

सुनील तथा उसके साथी को पुलिस ने गुरुवार को अदालत कक्ष से गिरफ्तार किया था और दंडाधिकारी के समक्ष इनकी पेशी से पहले इनसे पूछताछ की।

बाद में दोनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस शनिवार को दोनों की अपनी हिरासत में देने की मांग करेगी।

जांच के तहत जांच दल शुक्रवार तड़के पल्सर सुनील को उस सड़क पर ले गया, जहां से अभिनेत्री को अपहृत किया गया था।

बीती 17 फरवरी को कार से त्रिशूर से कोच्चि की यात्रा करने के दौरान अभिनेत्री को अगवा कर लिया गया था, जिसके छह दिन बाद दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी हुई।

मामले के चार अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

अपहर्ता, अभिनेत्री को निर्देशक से अभिनेता बने लाल के घर के निकट फेंककर फरार हो गए थे। लाल ने ही घटना की सूचना पुलिस को दी थी।

लाल ने संवाददाताओं से कहा कि वह अब राहत महसूस कर रहे हैं क्योंकि आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जिस रात अभिनेत्री उनके घर आई थी, वह हिलकर रह गए थे।

इस बीच, अभिनेता दिलीप राज्य पुलिस प्रमुख लोकनाथ बेहरा के संपर्क में रहे और शिकायत की कि किस तरह उनकी छवि खराब करने के लिए सोशल मीडिया पर मामले में उनका नाम उछाला गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493