न्यूयॉर्क, 25 फरवरी (आईएएनएस)। माइक्रोसॉफ्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्य नडेला ने उस घटना की निंदा की है, जिसमें एक अमेरिकी ने एक भारतीय इंजीनियर की गोली मारकर हत्या कर दी।
अमेरिकी हमलावर ने गोलीबारी करने से पहले चिल्ला कर कहा था कि ‘मध्य पूर्व के व्यक्ति मेरे देश से बाहर चले जाओ।’
भारत में जन्मे नडेला ने अपने ट्वीट में कहा, “मूखर्तापूर्ण हिंसा और कट्टरता के लिए हमारे समाज में कोई जगह नहीं होनी चाहिए। मेरा दिल कंसास गोलीबारी में मारे गए व्यक्ति के परिवार के साथ है।”
अमेरिकी नौसेना से सेवानिवृत्त 51 वर्षीय हमलावर ने बुधवार रात कंसास के ओलाथे बार में श्रीनिवास कुचिभोटला (32) की हत्या कर दी तथा आलोक मदासानी (32) और एक अमेरिकी व्यक्ति को घायल कर दिया था।
हमलावर की पहचान एडम परिंटन के रूप में की गई है, जो ‘मध्य पूर्व’ के व्यक्ति को निशाना बनाना चाहता था और धोखे से भारतीय व्यक्ति को मध्य पूर्व का समझ बैठा। गोली चलाने से पहले कथित रूप से वह चिल्लाया था कि मध्य पूर्व के व्यक्ति मेरे देश से बाहर चले जाओ।
वहीं, इस घटना में मौके पर मौजूद अमरिकी नागरिक इयान ग्रिटोल (24) भी घायल हो गए, जो भारतीय नागरिकों को बचाने की कोशिश कर रहे थे।
कुचिभोटला हैदराबाद के रहनेवाले थे, जबकि मदासानी तेलंगाना के वारंगल शहर के हैं। वे दोनों इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माता कंपनी, गार्मिन में एविएशन प्रोग्राम प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे।
dharmpath.com dharmpath