भारत को इसरो की उपलब्धियों पर गर्व है : मोदी

नई दिल्ली, 26 फरवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की सराहना की और कहा कि देश को इसरो की उपलब्धियों पर गर्व है।

मोदी ने अपने 29वें ‘मन की बात’ कार्यक्रम में कहा, “भारत ने 15 फरवरी को अंतरिक्ष में एक साथ 104 उपग्रह सफलतापूर्वक प्रक्षेपित करने वाला पहला देश बनकर इतिहास रच दिया। यह भारत के लिए बेहद गर्व का दिन है।”

उन्होंने कहा, “हमारे वैज्ञानिकों ने देश का मान बढ़ाया है, जिसकी पूरी दुनिया गवाह है। पिछले कुछ सालों में इसरो ने कई अप्रत्याशित अभियानों को सफलतापूर्वक पूरा किया है।”

मोदी ने कहा, “यह केवल इसरो के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे भारत के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “पूरी दुनिया ने भारतीय वैज्ञानिकों की सफलता की दिल खोलकर प्रशंसा की है।”

मोदी ने कहा कि 104 उपग्रहों में से एक काटरेसैट 2डी खासतौर पर किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

मोदी ने कहा, “किसानों के लिए यह नया उपग्रह कई मामलों में बेहद लाभदायक रहेगा, जैसे कि हमारे जलस्रोतों में कितना पानी बचा है, इसे किस प्रकार सबसे बेहतरीन ढंग से इस्तेमाल किया जा सकता है, इस बारे में किन बातों का ध्यान रखने की जरूरत है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493