मनीला, 27 फरवरी (आईएएनएस)। फिलीपींस नेशनल पुलिस (पीएनसी) ने सोमवार को कहा कि वह राष्ट्रपति रॉड्रिगो दुतेर्ते के मादक पदार्थ रोधी अभियान को दोबारा शुरू करने के लिए तैयार है। सुरक्षा बलों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगने के बाद इस अभियान को रोक दिया गया था।
समाचार एजेंसी ‘एफे’ के अनुसार, पीएनसी प्रमुख रोनाल्ड डेला रोसा ने कहा कि अगर इसे दोबारा शुरू नहीं किया जाता है तो अभियान के प्रथम सात महीनों में हासिल हुई प्रगति बर्बाद हो जाएगी।
उन्होंने कहा, “अगर राष्ट्रपति आदेश देते हैं तो हम दोबारा अभियान शुरू कर देंगे।”
दुतेर्ते ने जनवरी में मादक पदार्थो के खिलाफ अपने विवादास्पद अभियान को अस्थायी तौर पर रोक दिया था। इस अभियान के दौरान पुलिस कार्रवाई और सतर्क समूहों के साथ हुई झड़पों में 7,000 लोगों की मौत हो गई थी।
पुलिस प्रमुख ने यह भी कहा कि देश में मादक पदार्थो की तस्करी और उनके सेवन के मामले भी बढ़ गए हैं।
dharmpath.com dharmpath