छग : बजट सत्र शुरू, राज्यपाल के अभिभाषण बीच टोका-टाकी

अभिभाषण के बीच टोकते हुए कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बखान किए जाने से ऐसा लग रहा है, जैसे हम विधानसभा में नहीं लोकसभा में बैठे हैं। बहरहाल, राज्यपाल ने अपना अभिभाषण सदन में टोका-टोकी के बीच पूरा किया। इस दौरान विपक्ष के नेताओं ने जमकर चुटकी ली।

राज्यपाल ने अभिभाषण की प्रमुख कंडिकाओं पर प्रकाश डाला। उसी बीच कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक सत्यनारायण शर्मा ने चुटकी लेते हुए विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल से कहा कि ‘अध्यक्ष महोदय आप ही पूरा अभिभाषण पढ़ दीजिए।’

राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में जैसे ही केंद्र के बजट सत्र में प्रस्तुत राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद ज्ञापित किया और प्रधानमंत्री मोदी की बातों का जिक्र किया, कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कहा कि यहां लोकसभा की बात क्यों हो रही हैं, प्रधानमंत्री की बात क्यों हो रही है, ऐसा लग रहा है कि यह विधानसभा नहीं लोकसभा हो।

सदन में राज्यपाल द्वारा प्रस्तुत अभिभाषण के बीच जमकर टिप्पणियों का दौर जारी रहा। कांग्रेस के विधायक अरुण वोरा ने टोकते हुए कहा कि सरकार किसानों के हित में काम नहीं कर रही है। विधायक अमरजीत भगत ने आदिवासियों के शोषण का मुद्दा उठाया।

छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) के विधायक अमित जोगी ने छत्तीसगढ़ में शराबबंदी की बात को लेकर अभिभाषण के बीच रुकावट पैदा की। उन्होंने कहा कि पूरे अभिभाषण में प्रदेश को शराब मुक्त करने की बात क्यों शामिल नहीं की गई है? वहीं महासमुंद से निर्दलीय विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने भी पूर्ण शराबबंदी की बात कही।

राज्यपाल ने कहा, “मेरी सरकार ने प्रदेशवासियों के लिए सभी के सहयोग से नई-नई उपलब्धियां प्राप्त करने का सिलसिला जारी रखा है, जिनका जिक्र राष्ट्रीय स्तर पर भी हो रहा है।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर कैशलेस इकोनॉमी को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने वृहद जागरूकता अभियान चलाया, जिसमें 16 लाख लोगों को प्रशिक्षित किया गया है। पीओएस मशीनों से वैट समाप्त कर 12 हजार नई मशीनें स्थापित की गईं।

राज्यपाल ने आगे कहा कि राष्ट्रभक्त, प्रदेशवासियों की तपस्या और सुरक्षा बलों के जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने कहा कि दूरदर्शन मध्यप्रदेश के सहयोग और डीटीएच के माध्यम से राज्यपाल के अभिभाषण का सीधा प्रसारण किया गया। इसी तरह 6 मार्च को छत्तीसगढ़ के बजट व प्रश्नकाल का प्रसारण होगा।

अग्रवाल ने कहा कि विधानसभा 28 फरवरी तक स्थगित रहेगी। इसके बाद 1 व 2 मार्च को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी।

छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर स्थित आडिटोरियम में आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक और आध्यात्मिक विचारक श्रीश्री रविशंकर का व्याख्यान भी हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष अग्रवाल और नेता प्रतिपक्ष टी.एस. सिंहदेव सहित कई विधायक और प्रदेश सरकार के मंत्री मौजूद थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493