नई दिल्ली, 27 फरवरी (आईएएनएस)। रिलायंस जियो द्वारा घरेलू नेटवर्क पर मुफ्त वॉयस कॉल और मुख्य रोमिंग के जबाव में भारती एयरटेल ने सोमवार को घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय रोमिंग प्लान में बदलाव की घोषणा की है।
भारती एयरटेल के अध्यक्ष सुनील भारती मित्तल ने एक बयान में कहा, “एयरटेल में हम अंतर्राष्ट्रीय रोमिंग के नए प्रतिमान कायम कर रहे हैं, जो हमारे ग्राहकों को अपना नंबर दुनिया के हरेक कोने में ले जाने में सक्षम बनाएगा।”
उन्होंने आगे कहा, “इस उद्योग में दुनिया भर के ऑपरेटरों को रोमिंग में लागत की बाधा दूर करने में सहयोग करना चाहिए, ताकि ग्राहकों को बिना भारी-भरकम बिल की चिंता किए बगैर जुड़े रहने की सुविधा प्रदान की जा सके।”
कंपनी ने कहा कि एक अप्रैल से वह सभी घरेलू इनकमिंग कॉल्स पर रोमिंग शुल्क हटा रही है।
एयरटेल ने कहा, “एक अप्रैल से एयरटेल के ग्राहक देश भर में मुफ्त इनकमिग कॉल/एसएमएस की सुविधा ले पाएंगे और उन्हें रोमिंग में आउटगोइंग कॉल पर किसी प्रकार के प्रीमीयम का भुगतान नहीं करना होगा।”
दूरसंचार कंपनी ने कहा कि उसने कई किफायती अंतर्राष्ट्रीय रोमिंग पैक्स लांच किए हैं, जिनकी वैलिडिटी एक दिन, 10 दिन और 30 दिनों की है।
भारती एयरटेल के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (भारत और दक्षिण एशिया) गोपाल विट्टल ने कहा, “अब देश में रोमिंग बीते समय की बात है और हमारे ग्राहकों के लिए पूरा देश लोकल नेटवर्क के जैसा है।”
dharmpath.com dharmpath