भोपाल, 27 फरवरी (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के नगर सैनिक (होम गार्ड) वरिष्ठ अधिकारियों को सैल्यूट करने के बाद ‘जय हिंद’ के अलावा नमस्ते व नमस्कार बोलते हैं, इसमें किसी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा, यह बात सोमवार को गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने कही।
विधानसभा में सोमवार को प्रश्नकाल के दौरान विधायक अनिल फिरोजिया ने एक सवाल के जरिए गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह से जानना चाहा कि भारतीय सेना के साथ राज्य के नगर सैनिक अपने अधिकारियों का अभिवादन करते हुए ‘जय हिंद’ बोलते हैं, क्या इसका कोई प्रावधान है और क्या इस संबंध में कोई परिपत्र भी जारी किया गया है?
जवाब में गृहमंत्री सिंह ने बताया कि भारतीय सेना केंद्र सरकार के अधीन आती है, जहां तक राज्य के नगर सैनिक का सवाल है तो ‘जय हिंद’ बोलने की परंपरा पहले से चली आ रही है, इसके लिए अलग से कोई आदेश-निर्देश उपलब्ध नहीं है। कनिष्ठ अधिकारी द्वारा वरिष्ठ अधिकारी को सैल्यूट करते हुए अभिवादन किया जाता है, सैल्यूट के समय ‘जय हिंद’ बोलना अनिवार्य नहीं है।
उन्होंने आगे बताया कि अभिवादन के समय जय हिंद, नमस्ते, नमस्कार जैसे शब्दों का उपयोग कई वर्षो से परंपरा बनी हुई है। लिहाजा, दीर्घकाल से चली आ रही परंपरा में किसी तरह के बदलाव की जरूरत नहीं लगती।
dharmpath.com dharmpath