सनी लियोन के कंडोम के विज्ञापनों को हटाएं : महिला संगठन

पणजी, 28 फरवरी (आईएएनएस)। गोवा में एक महिला संगठन ने मंगलवार को बॉलीवुड अभिनेत्री सनी लियोन के कंडोम तथा अन्य महिला मॉडलों द्वारा गर्भनिरोधक गोलियों के विज्ञापनों को हटाने की मांग की।

हिंदू जनजागृति समिति की महिला शाखा रणरागिनी ने इस मुद्दे पर गोवा राज्य महिला आयोग में एक अर्जी दी है।

आयोग ने महिला संगठन से मिली अर्जी पर एक नोटिस भी जारी किया है।

रणरागिनी का कहना है कि सार्वजनिक स्थलों पर प्रदर्शित विज्ञापनों में महिलाओं को वस्तु की तरह पेश करने से महिलाओं को शर्मिदगी झेलनी पड़ती है।

अर्जी पर हस्ताक्षर करने वाली संगठन की सदस्य नेहा गोवेकर ने कहा, “इससे कुछ अलग ही संदेश जाता है, जो इसका बेहद भद्दा पक्ष है।”

संगठन ने अर्जी में शिकायत की है, “हमें इस संबंध में कई महिलाओं से शिकायतें मिली हैं। हम आपसे इन विज्ञापनों को हटाने की मांग करते हैं।”

अर्जी में आगे कहा गया है, “गर्भ निरोधक साधनों के विज्ञापनों में महिलाओं की तस्वीरों के इस्तेमाल पर हम आपका ध्यान आकृष्ट करना चाहते हैं। कदंब ट्रांसपोर्ट के बसों तथा अन्य जगहों पर गर्भ निरोधक साधनों के विज्ञापनों में महिलाओं की तस्वीरों का इस्तेमाल देखा गया है।”

संवाददाताओं से बातचीत में आयोग की अध्यक्ष विद्या शेठ तनावडे ने कहा कि संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया जाएगा।

उन्होंने कहा, “हमें शिकायतें मिली हैं। एक आयोग के रूप में हम संबंधित सभी पक्षों को नोटिस जारी करेंगे और मामले की जांच करेंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493