उप्र में लोग राजनीतिक गंदगी दूर करने का मन बना चुके हैं : मोदी

महाराजगंज, 1 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार में प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी ने बुधवार को विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि उप्र की जनता ने यहां पिछले 15 वषरें से चल रही राजनीतिक गंदगी को दूर करने का मन बना लिया है।

महाराजगंज में भाजपा की चुनावी रैली में मोदी ने यह बात कही। मोदी ने कहा कि चुनाव के पांच चरण पूरे हो चुके हैं। मतदाताओं ने जिस उमंग और उत्साह के साथ लोकतंत्र के इस महापर्व को मनाया है, उसके लिए प्रदेश के सभी मतदाताओं का शुक्रिया अदा करता हूं।

मोदी ने कहा कि पांचों चरण का हिसाब लोगों ने लगा लिया है। अब बचने की कोशिश बेकार है। प्रदेश की जनता 15 वर्ष का गुस्सा निकाल रही है, जिन्होंने प्रदेश को लूटा है उन सबको जनता चुन-चुनकर साफ करने में लगी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देशभर में स्वच्छता अभियान चला रहा हूं। ऐसा लगता है कि उत्तर प्रदेश की जनता ने राजनीतिक गंदगी हटाने का फैसला कर लिया है। प्रदेश के सातों चुनावी चरण इंद्रधनुष के सात रंगों की तरह हैं। यह आशा कि नई किरण पैदा कर रहे हैं।

मोदी ने कहा कि प्रदेश के छठवें और अंतिम चरण में यहां के मतदाताओं से बोनस की जरूरत है। ऐसे बोनस की जिससे प्रदेश के इतिहास में सबसे मजबूत सरकार का गठन हो।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह चुनाव गरीब, शोषण और भाई-भतीजावाद से मुक्ति का चुनाव है। उप्र को एकता के रंग से रंग देना और शांति घर-घर पहुंचाना और चुनाव बाद एक नया उप्र बनाना है। यही सपना लेकर आए हैं।

मोदी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री छह महीने से कह रहे हैं कि काम बोल रहा है, लेकिन उनके कारनामे बोल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भारत दुनिया में सबसे तेज गति से विकास करने वाला देश है। देशवासियों एवं ईमानदार लोगों, किसानों, नौजवानों का नमन करना चाहता हूं कि विरोध के बीच जनता ने देश की विकास दर को आगे बढ़ाया है।

मोदी ने कहा कि विरोधी पूछते हैं कि आंकड़े कहां से आए। आंकडे झूठे हैं। लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि पहले आंकड़े जहां से आते हैं, अब भी वहीं से आ रहे हैं।

राहुल और अखिलेश पर चुटकी लेते हुए मोदी ने कहा कि एक दल ने उप्र में नारा लगाया 27 साल उप्र बेहाल और दूसरे ने उप्र को बेहाल किया। चुनाव की घंटी बजते ही दोनों एक साथ मिल गए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493