मप्र का बजट जनता की उम्मीदों को पूरा करने वाला : मंत्री

भोपाल, 1 मार्च (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश सरकार के मंत्रियों ने बुधवार को पेश किए गए वर्ष 2017-18 के बजट को जनता की उम्मीदों को पूरा करने वाला बजट करार दिया है।

राज्य के वित्त मंत्री जयंत मलैया ने बुधवार को विधानसभा में बजट पेश किया। इस बजट को तमाम मंत्रियों ने जनहितकारी बताया और उसकी खूबियां गिनाई।

गृह एवं परिवहन मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा, “मध्यप्रदेश का बजट प्रदेश के चहुंमुखी विकास और जन आनंद का समागम है। इस बजट में सभी वर्गो के हित का पर्याप्त ध्यान रखा गया है। साथ ही उनका दैनिक जीवन आनंदमय हो, इसके लिए ठोस प्रयास किए गए हैं।”

सिंह ने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न मद में लगभग 6000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। यह निश्चित ही उत्साहवर्धक है।

वाणिज्य, उद्योग, रोजगार, खनिज साधन और प्रवासी भारतीय मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बजट को संतुलित, विकासोन्मुखी, रोजगार सृजित करने वाला तथा गांव, गरीब, किसान और कमजोर वर्गो के सपनों को साकार करने वाला बताया है।

उन्होंने कहा कि बजट अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण साबित होगा। बजट का प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर भी अच्छा असर पड़ेगा।

सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) विश्वास सारंग ने वर्ष 2017-18 के बजट को जनता की उम्मीदों को पूरा करने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि बजट में जहां पिछले दस वर्ष की सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं का परिणाम दिखलाई देता है वहीं भविष्य के मध्यप्रदेश को देश में अग्रणी बनाने की दृढ़इच्छा दिखती है।

सारंग ने कहा, “दीनदयाल रसोई योजना से अब प्रदेश में कोई भी गरीब भूखा नहीं सोएगा। इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को बधाई।”

किसान-कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री गौरीशंकर बिसेन ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार का बजट खेती के साथ-साथ विकास को गति देने वाला बजट है।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री माया सिंह ने बजट को सबको सुख देने और सबके दुख को हर लेने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि बजट में सबके साथ सबका विकास का संकल्प है।

पीएचई एवं जेल मंत्री कुसुम महदेले ने बजट को लोक कल्याणकारी और जनहितैशी बताया है। महदेले ने कहा कि राज्य सरकार ने बजट में गरीब, कमजोर और सर्वहारा वर्ग के हित में अनेक कदम उठाए हैं, जो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की इन वर्गो के प्रति सोच और चिंतन को दिखाता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493