भोपाल, 2 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में हवाओं के रुख में आए बदलाव से गुरुवार को धूप की तल्खी और बढ़ गई।
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राज्य का मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है।
राज्य में धीरे-धीरे गर्मी के तेवर लगातार तल्ख होते जा रहे हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, हवाओं का रुख पश्चिमोत्तर होने से ठंडी हवाओं का दौर थमा है जिससे गर्मी और तापमान दोनों बढ़े हैं। राज्य में धार सबसे गर्म रहा जहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है जबकि कहा है कि कुछ स्थानों के न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है।
गुरुवार को भोपाल न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 16.5 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 16.3 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं बुधवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 35.5 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 33.5 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
dharmpath.com dharmpath