नई दिल्ली, 3 मार्च (आईएएनएस)। नाट्यप्रेमियों के लिए एक सप्ताह का मेटा रंगमंच महोत्सव शनिवार से दिल्ली के थिएटर हब मंडी हाउस में शुरू होगा। इस महोत्सव में देशभर से चुने गए 10 बेहतरीन नाटकों का मंचन होगा। नाटकों में हिंदी और अंग्रेजी के साथ-साथ बंगाली, मलयालम, राजस्थानी और कन्नड़ नाटक शामिल हैं।
मेटा (महिन्द्रा एक्सीलेंस इन थिएटर अवार्डस) के तहत 4 से 9 मार्च तक चलने वाले इस थिएटर महोत्सव में लसानवाला, भीमा, एलिफेंट इन द रूम आउटकास्ट, काली नादकम, धूम्रपान, महाभारत, अवध्या शेश रजनी, कथा सुकवि सूर्यमल की और आई डोंट लाइक इट ऐज यू लाइक इट का मंचन कमानी, श्रीराम सेंटर तथा एलटीजी सभागार में होगा। गैर हिंदी / अंग्रेजी नाटक के सबटाइटल हिंदी में होंगे।
महोत्सव में मेटा लाइफ टाइम एचीवमेंट पुरस्कार के अलावा 13 विभिन्न श्रेणियों में भारतीय रंगकर्म के सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। डॉली ठाकुर, महेश दत्तानी, सचिन खेडेकर, सीमा बिस्वास, अविजित दत्त और माया कृष्णा राव मेटा महोत्सव के 12वें संस्करण के मौके पर भारतीय रंगमंच की सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं का मूल्यांकन करेंगे। पुरस्कार 10 मार्च को आयोजित होने वाले रंगारंग ‘अवार्डस नाइट’ के मौके पर दिया जाएगा। दिग्गज रंगकर्मी अरुण ककड़े को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’ से भी नवाजा जाएगा।
महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के सांस्कृतिक विस्तार के प्रमुख जय शाह ने कहा, “मेटा नाट्य प्रतिभा की पहचान करने के लिए भारत का अब प्रतिष्ठित मंच बना हुआ है। बारह साल से, इसने देश भर से सर्वश्रेष्ट थिएटर प्रस्तुतियों को एक साथ उपलब्ध कराया है।”
टीमवर्क आर्ट्स के प्रबंध निदेशक और इस फेस्टिवल के निर्माता संजय के. रॉय ने कहा, “डिजिटल माध्यम पर अधिक ध्यान केंद्रित करने के साथ, हमने मेटा के इस संस्करण के लिए पहली बार ऑनलाइन प्रविष्टियों को स्वीकार करना शुरू किया है। इसने हमारे देश की कलात्मक विविधता को प्रतिबिंबित करने और वहां से बेहतरीन प्रतिभा को अवसर और पहुंच प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत किया है।”
dharmpath.com dharmpath