जांच को लेकर पुलिस के संपर्क में गुरमेहर : पुलिस

नई दिल्ली, 3 मार्च (आईएएनएस)। रामजस कॉलेज के बाहर छात्रों के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के खिलाफ अभियान चलाने के दौरान हत्या व दुष्कर्म की धमकियों की शिकार दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) की छात्रा गुरमेहर कौर मामले की जांच में अपराध शाखा के अधिकारियों के संपर्क में हैं और राष्ट्रीय राजधानी में जांच में शामिल होने को लेकर रजामंदी जता दी है।

विशेष पुलिस आयुक्त दीपेंद्र पाठक ने आईएएनएस से कहा, “गुरमेहर अपराध शाखा से टेलीफोन तथा ई-मेल के माध्यम से संपर्क में है। उन्होंने अपराध शाखा के अधिकारियों द्वारा भेजे गए ई-मेल का जवाब दिया है। पुलिस दोषियों की पहचान का प्रयास कर रही है। उनका ट्विटर हैंडल कमेंट्स तथा फेसबुक कमेंट्स एक (लिंक्ड अकाउंट) ही है।”

अधिकारी ने कहा कि लेडी श्रीराम कॉलेज की छात्रा ने अपना फेसबुक अकाउंट डिएक्टिवेट कर लिया है, लेकिन इसका पुलिस जांच पर प्रभाव नहीं पड़ेगा।

उन्होंने कहा, “मामले की जांच पेशेवर ढंग से जारी है। गुरमेहर वर्तमान में पंजाब में हैं और वह दिल्ली में भी जांच में शामिल होने के लिए तैयार है। उन्होंने कॉलेज से 15 दिनों की छुट्टियां ली हैं।”

पाठक ने कहा कि जिन अकाउंट से धमकियां दी गईं, उनकी पहचान करने के लिए दिल्ली पुलिस ने गूगल सर्च इंजन तथा ट्विटर के मुख्यालयों से मदद मांगी है।

इससे पहले अधिकारी ने कहा था कि पुलिस की जांच गुरमेहर की शिकायत तथा दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) द्वारा भेजी गई उनकी शिकायत के साथ ही एक स्क्रीन शॉट पर आधारित है।

बीते 22 फरवरी को रामजस कॉलेज के बाहर छात्रों के दो गुटों में हिंसक झड़प के बाद गुरमेहर कौर ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के खिलाफ अभियान चलाया था। उसी दौरान उन्हें सोशल साइट पर अज्ञात लोगों ने हत्या व दुष्कर्म की धमकी दी थी, जिसकी उन्होंने शिकायत दर्ज कराई थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493