एनडीएमसी ने कहा, ‘ताज मानसिंह होटल को नीलाम करेंगे’

नई दिल्ली, 3 मार्च (आईएएनएस)। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने शुक्रवार को सर्वोच्च न्यायालय से कहा कि उसने ताज मानसिंह होटल की ई-नीलामी का फैसला किया है।

एनडीएमसी की तरफ से पेश हुए अतिरिक्त महाधिवक्ता संजय जैन ने न्यायमूर्ति पिनाकी घोष तथा न्यायमूर्ति आर.एफ.नरीमन की सर्वोच्च न्यायालय की पीठ से कहा, “हमने होटल की ई-नीलामी करने का फैसला किया है। यह खुली नीलामी होगी। न्यायालय की अनुमति मिलने के बाद हम नीलामी की तारीख पर फैसला करेंगे।”

वहीं, होटल की तरफ से पेश हुए वकील ने न्यायालय से कहा, “हम एनडीएमसी के फैसले से आश्चर्यचकित हैं, जो हमें समाचार पत्रों के माध्यम से मिला।”

लग्जरी ताज मानसिंह होटल का संचालन करने वाली टाटा समूह संचालित इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (आईएचसीएल) से पीठ ने एनडीएमसी के प्रस्ताव पर 22 मार्च को मामले की अगली सुनवाई के दिन अपनी आपत्ति दाखिल करने को कहा।

एनडीएमसी ने याचिका दाखिल कर मांग की थी कि होटल को इस साल के अंत के बाद बुकिंग लेने की मंजूरी नहीं मिलनी चाहिए, जिसे खारिज करते हुए सर्वोच्च न्यायालय ने 21 नवंबर को ताज मानसिंह होटल पर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था।

आईएचसीएल ने सर्वोच्च न्यायालय में दिल्ली उच्च न्यायालय के 27 अक्टूबर के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें होटल की नीलामी को मंजूरी दी गई थी।

एनडीएमसी ने संपत्ति को आईएचसीएल को 33 वर्षो की लीज पर दिया था, जो साल 2011 में खत्म हो गया। लेकिन नगरपालिका परिषद से बार-बार विस्तार लेकर आईएचसीएल इसका प्रबंधन बरकरार रखे हुए है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493