भोपाल : भानपुर खंती में कचरे की डंपिंग बंद होगी

भोपाल, 3 मार्च (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल की भानपुर खंती में कचरा डंप होने से बढ़ी परेशानियों का मसला पूर्व मुख्यमंत्री बाबू लाल गौर द्वारा विधानसभा में उठाए जाने के बाद नगरीय प्रशासन मंत्री माया सिंह शुक्रवार को खुद हालात का जायजा लेने पहुंच गईं। उन्होंने स्थानीय लोगों से वादा किया कि छह माह बाद कचरे की डंपिंग नहीं होगी, कचरे से बिजली बनाई जाएगी।

ज्ञात हो कि भानपुर खंती से फैल रहे प्रदूषण और बढ़ रही बीमारियों का जिक्र पूर्व मुख्यमंत्री गौर ने विधानसभा में बुधवार को सवाल उठाया था। साथ ही बताया था कि इस इलाके की 93 फीसदी आबादी का स्वास्थ्य प्रदूषण के कारण बिगड़ रहा है। इस पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री माया सिंह ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया था।

मंत्री विधानसभा में किए गए वादे के मुताबिक, शुक्रवार को मौके पर पहुंचीं और क्षेत्रवासियों से कहा कि भानपुर खंती में डंप होने वाले कचरे के दुष्प्रभाव का आस-पास के रहवासियों पर असर न पड़े, इसके लिए शासन गंभीर है। इस क्षेत्र में कचरा डंप न हो, इसके लिए अगले छह माह में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

मंत्री माया सिंह ने रहवासियों से चर्चा की और उनसे ज्ञापन भी लिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कचरे के निपटान के लिए बिजली निर्माण संयंत्र की स्थापना में भी गति लाई जाए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में डीपीआर बन गई है। अब निविदा की प्रक्रिया चल रही है। इस संयंत्र की स्थापना से 22 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा।

मंत्री सिंह ने कहा कि खंती को आदमपुर छावनी में शिफ्ट करने के पहले सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। क्षेत्र के 85 परिवार के रहने की अन्यत्र व्यवस्था पर डेढ़ करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं।

मंत्री सिंह भानपुर खंती का निरीक्षण किया। इस मौके पर उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधायक बाबूलाल गौर एवं पूर्व महापौर कृष्णा गौर भी उपस्थित थीं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493