बैडमिंटन : जर्मन ओपन के सेमीफाइनल में चेन लोंग, मारिन

बर्लिन, 4 मार्च (आईएएनएस)। दूसरी विश्व वरीयता प्राप्त पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ी चीन के चेन लोंग ने जर्मन ओपन के पुरुष एकल के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। महिला एकल वर्ग में मौजूदा ओलम्पिक चैम्पियन स्पेन की कैरोलिना मारिन सेमीफाइनल में प्रवेश कर चुकी हैं।

क्वार्टर फाइनल में लोंग का सामना डेनमार्क के हैंस क्रिस्टन सोलबर्ग से था। हैंस दूसरे गेम में रिटायर्ड हो मैच से हट गए और चेन को सेमीफाइनल का टिकट मिला।

रिटायर्ड होने से पहले वह चेन से 10-21, 3-5 से पीछे चल रहे थे।

सेमीफाइनल में लोंग का सामना चीनी ताइपे के जू वेई वांग से होगा। वांग क्रोएशिया के ज्वोनिमिर डुर्किनजाक को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचे हैं।

तीसरे दौर में चीन के दिग्गज खिलाड़ी लिन डैन को हराने वाले डेनमार्क के इमिल होलस्ट भी सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गए हैं। क्वार्टर फाइनल में उन्हें चीनी ताइपे के चाउ तिएन चेन ने 21-10, 21-14 से मात देते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई।

महिला एकल वर्ग में पूर्व सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त मारिन को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में जापान की सायका साटो को 21-17, 17-21, 21-13 से मात दी।

सेमीफाइनल में वह जापान की ही मिनात्सु मितानी से भिड़ेंगी। मितानी ने क्वार्टर फाइनल में हमवतन अयुमी माइन को मात दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493