अगरतला, 4 मार्च (आईएएनएस)। वाम शासित त्रिपुरा में विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को सविनय अवज्ञा आंदोलन शुरू किया।
भाजपा पिछले वर्ष पार्टी की ग्रामीण समिति के सदस्य की मौत की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच करवाए जाने की मांग कर रही है।
पुलिस के अनुसार, राज्य भर में 62 जगहों पर सुरक्षा घेरा तोड़ने वाले भाजपा के 17,500 सदस्यों एवं समर्थकों को हिरासत में लिया गया है।
सुरक्षा बलों से धक्का-मुक्की के दौरान कम से कम पांच भाजपा सदस्यों को मामूली चोटें आई हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बिप्लब कुमार देब ने कहा कि अगर वाम मोर्चा की सरकार सीबीआई जांच की सिफारिश नहीं करती तो पार्टी व्यापक असहयोग आंदोलन शुरू करेगी।
पुलिस ने बताया कि भाजपा के स्थानीय आदिवासी नेता चानमोहन त्रिपुरा की पिछले वर्ष 26 दिसंबर को गंडाचारा इलाके में हत्या कर दी गई थी।
पुलिस ने तत्काल हत्यारोपी को गिरफ्तार भी कर लिया।
देब के नेतृत्व में पार्टी नेताओं ने सविनय अवज्ञा आंदोलन रैली निकाली, हालांकि उन्हें जल्द ही हिरासत में ले लिया गया। देब का दावा है कि रैली में 50,000 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया।
हिरासत में लिए जाने से पहले देब ने पत्रकारों से कहा, “राज्य में कानून व्यवस्था की बुरी हालत है। विकास पूरी तरह रुका हुआ है। विभिन्न परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से मिल रही धनराशि का दुरुपयोग हो रहा है।”
उन्होंने कहा कि यहां 10 मार्च को फिर से रैली निकाली जाएगी, जिसमें केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और प्रकाश जावड़ेकर के भी हिस्सा लेने की उम्मीद है।
dharmpath.com dharmpath