चेन्नई, 4 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने शनिवार को कहा कि देश में तेज रफ्तार ट्रेनें चलाने के लिए दुनिया की शीर्ष कंपनियों से बातचीत में काफी प्रगति हुई है।
देश के प्रमुख व्यापार मंडलों में से एक सीआईआई द्वारा आयोजित कार्यक्रम से इतर रेल मंत्री ने पत्रकारों से कहा कि वैश्विक स्तर की शीर्ष छह कंपनियों से इस संबंध में आवश्यक प्रौद्योगिकी पर बात चल रही है।
इससे पहले कार्यक्रम के दौरान रेलमंत्री ने कहा कि रेलवे ऊर्जा की बचत कर 41,000 करोड़ रुपये बचाने की योजना पर काम कर रहा है।
रेलवे में विकास कार्यो के लिए जरूरी 66,000 करोड़ रुपये इकट्ठा करने को लेकर प्रतिबद्धता जाहिर करते हुए सुरेश प्रभु ने कहा कि अगले दशक तक रेलवे गैर-पारंपरिक स्रोतों से 17,000 करोड़ रुपये की कमाई करेगा।
उन्होंने कहा कि रेल मंत्रालय संयुक्त उपक्रमों के जरिए विकास के लिए धनराशि इकट्ठा करने पर काम कर रहा है और आय बढ़ाने के उद्देश्य से 2017-18 के लिए एक व्यापार योजना भी तैयार की जा रही है।
dharmpath.com dharmpath