भोपाल, 5 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में रविवार को मौसम साफ है और धूप खिली रही। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में धूल भरी हवाएं चलने और बूंदाबांदी की संभावना जताई है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में राजधानी भोपाल के अलावा रायसेन, खंडवा, रतलाम, सिवनी, छिंदवाड़ा, बैतूल आदि स्थानों पर गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने के साथ-साथ धूल भरी आंधी भी चल सकती है।
इधर, राज्य के तापमान में बदलाव का क्रम जारी है। रविवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री, इंदौर का 16.2 डिग्री, ग्वालियर का 11 डिग्री और जबलपुर का 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इससे पहले शनिवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री, इंदौर का 30.7 डिग्री, ग्वालियर का 31.4 डिग्री और जबलपुर का 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath