भोपाल, 5 मार्च (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल घूमने आई उज्बेकिस्तान की दो युवतियों को उनके दोस्तों ने कथित तौर पर कार से फेंक दिया। पीड़ित युवतियों ने हालांकि इस घटना की पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने से इनकार कर दिया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में पढ़ने वाली उज्बेकिस्तान की एक युवती क्रिस्टीना की गुजरात निवासी युवक दीपेश से फेसबुक के जरिए दोस्ती हुई। दोनों ने भोपाल में मिलने का कार्यक्रम बनाया तो क्रिस्टीना अपनी एक अन्य सहेली के साथ भोपाल आई। वे दोनों युवतियां राजधानी के न्यू मार्केट स्थित एक होटल में रुकी थीं।
दोनों युवतियां शनिवार की रात घायल अवस्था में सड़क पर पड़ी देखी गईं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। युवतियों को कार से फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है, मगर पुलिस अधीक्षक (अपराध) रश्मि मिश्रा ने युवतियों को कार से फेंके जाने की बात को नकारते हुए रविवार को संवाददाताओं से कहा कि दोनों युवतियां रात में दीपेश और उसके दोस्त जयकिशन व किशन के साथ थीं। दोनों युवतियां नशे में थीं और बाद में होटल से बाहर आ गईं। इसी दौरान सड़क पर किसी कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उन्हें चोटें आईं।
वहीं दूसरी ओर टीटी नगर के थाना प्रभारी कुलदीप खत्री ने आईएएनएस को कुछ और ही कहानी बताई। उन्होंने कहा कि उज्बेकिस्तान की दो लड़कियां अपने पुरुष दोस्तों से मिलने यहां आई थीं। उन लड़कियों का अपने पुरुष मित्रों से शनिवार की रात एक पब में पार्टी मनाते वक्त विवाद हुआ, जिसमें उन्हें चोट आई।
उन्होंने कहा कि एक युवती को सड़क पर देखा गया तो आशंका जताई गई कि किसी ने उसे कार से फेंक दिया है, मगर ऐसा हुआ नहीं।
खत्री ने आगे बताया कि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने दोनों युवतियों से पूछताछ की, मगर युवतियों ने रिपोर्ट दर्ज कराने से इनकार कर दिया।
dharmpath.com dharmpath