क्रेडाई 1 लाख श्रमिकों को बनाएगा कुशल

नई दिल्ली, 5 मार्च (आईएएनएस)। निजी रियल एस्टेट कारोबारियों की सर्वोच्च संगठन कन्फेडरेशन ऑफ रियल एस्टेट डेवलपर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (क्रेडाई) ने कहा है कि इस साल अंत तक वह एक लाख श्रमिकों को कौशल संपन्न बनाएगा।

क्रेडाई ने एक बयान में रविवार को कहा कि संस्था ने देश में 100 से ज्यादा निर्माण स्थलों पर अब तक करीब 50,000 से ज्यादा प्रशिक्षुओं को सफलतापूर्वक प्रशिक्षित किया है। क्रेडाई का लक्ष्य इस साल के अंत तक कम से कम एक लाख निर्माण श्रमिकों को प्रशिक्षित करने का है।

देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में भारत के निर्माण उद्योग का योगदान करीब 11 फीसदी है और इस क्षेत्र के अगले 10 वर्षो में पांच करोड़ से ज्यादा रोजगार सृजित करने की क्षमता है। हालांकि एक उद्योग के तौर पर निर्माण क्षेत्र लगातार विकास कर रहा है, लेकिन कुशल श्रमबल का इस क्षेत्र में अभाव बना हुआ है।

राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) की रिपोर्ट के अनुसार, भारत को वर्ष 2022 तक रियल एस्टेट क्षेत्र में करीब 7.65 करोड़ मजबूत श्रमबल की जरूरत होगी और इनमें से 15 से 65 आयु वर्ग के 97 प्रतिशत श्रमिकों के काम शुरू करने से पहले प्रशिक्षण प्राप्त करने की संभावना नहीं है। इसी वजह से रियल एस्टेट संगठन क्रेडाई ने 2011 में पहली बार कुशलता की कमी पर ध्यान दिया और कुशल श्रमिकों की कमी को दूर करने का बीड़ा उठाया।

राष्ट्रीय कौशल विकास परिषद् (एनएसडीसी) के साथ साझेदारी में क्रेडाई ने अपने प्रशिक्षण कार्यक्रम ‘कौशल’ के साथ कुशलता के क्षेत्र में प्रवेश किया था। इसके बाद से क्रेडाई देश भर में अपने सदस्य बिल्डर के माध्यम से निर्माण श्रमिकों के लिए नियमित तौर पर परियोजना स्थल पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।

इसके अलावा, क्रेडाई सीएसआर फाउंडेशन का कहना है कि वह अपने एजुकेशनल स्कॉलरशिप फंड (सीईएसएफ) के माध्यम से सिविल इंजीनियरिंग डिग्री पाठ्यक्रमों, आर्किटेक्ट पाठ्यक्रमों एवं रियल एस्टेट से संबंधित अन्य इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों की पढ़ाई करने वाले आर्थिक रूप से कमजोर वर्गो के छात्रों को मदद कर रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493