भाजपा ने ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया शिवराज का जन्मदिन

भोपाल, 5 मार्च (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के जन्मदिन को भारतीय जनता पार्टी ने ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया। इस मौके पर गरीबों को फल और मिठाई बांटी गई, रक्त शिविर लगे और हितग्राही सम्मेलन आयोजित किए गए। साथ ही समरसता भोज का आयोजन किया गया।

भाजपा प्रदेश कार्यालय से दी गई जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर रविवार को दिनभर विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रमों के आयोजनों का क्रम चलता रहा। राजधानी में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री चौहान ने कहा, “व्यक्ति आते हैं और जाते हैं, लेकिन कोई ऐसा काम अपने हाथों हो जाए, जिससे मानव जीवन सफल सार्थक सिद्ध हो, तो सचमुच वह हमारा अहोभाग्य है। रक्तदान महादान होता है, किसी की जिंदगी बचाने इससे बड़ा कोई काम हो नहीं सकता।”

युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडे ने बताया, “प्रदेश के सभी संगठनात्मक 56 जिलों में रक्तदान और रक्त परीक्षण शिविरों का आयोजन किया गया। साथ ही मोर्चा कार्यकर्ताओं ने शैक्षणिक संस्थाओं में स्वच्छता का संकल्प दिलाया।”

इस तरह भोपाल के हुजुर विधानसभा क्षेत्र में हितग्राही सम्मेलन एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने कहा, “अंत्योदय के माध्यम से किस तरह हम अपने राजनीतिक एवं सार्वजनिक जीवन में जनता की सेवा कर सकते हैं, इस बात को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी कथनी और करनी के जरिए साबित किया है। हमारा लक्ष्य जनसेवा हो, क्योंकि जनसेवा ही मानव सेवा है और मानव सेवा ही राष्ट्रसेवा है।”

पार्टी के प्रदेश कार्यालय से दी गई जानकारी के अनुसार, प्रदेश के 813 मंडलों में मुख्यमंत्री का जन्मदिन सेवा दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने सेवा प्रकल्पों के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा का संकल्प लिया।

सेवा दिवस के अवसर पर अनाथालय, वृद्धाश्रम, दिव्यांग केंद्र, छात्रावास एवं चिकित्सालयों में पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने फल, वस्त्र एवं मिष्ठान्न वितरण किया। कन्या-पूजन एवं कन्या-भोज के साथ पार्टी के विभिन्न मोर्चो द्वारा सेवा बस्तियों में समरसता सहभोज का आयोजन किया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493