पूर्व लोकसभा अध्यक्ष रवि राय का निधन

भुवनेश्वर, 6 मार्च (आईएएनएस)। पूर्व लोकसभा अध्यक्ष रवि राय का सोमवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 91 साल के थे।

राय उम्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित थे। उन्हें 12 फरवरी को तबियत बिगड़ने के बाद कटक में एससीबी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

राय का जन्म 26 नवंबर 1926 को ओडिशा के पुरी जिले के भानगढ़ गांव में हुआ था। राय, डॉ. राममनोहर लोहिया के प्रेरणादायी नेतृत्व के कारण राजनीति में शामिल हुए थे।

राय चौथी लोकसभा के लिए ओडिशा के पुरी से 1967 में निर्वाचित हुए थे।

प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई ने राय को अपने मंत्रिमंडल में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री के रूप में जनवरी 1979 में शामिल किया था। राय अपने पद पर जनवरी 1980 तक बने रहे।

राय दोबारा 1989 में ओडिशा के केंद्रपाड़ा निर्वाचन क्षेत्र से जनता दल के उम्मीदवार को तौर पर 9वीं लोकसभा के लिए चुने गए।

उन्हें 19 दिसंबर, 1989 में सर्वसम्मति से 9वीं लोकसभा के अध्यक्ष के रूप में चुना गया। साल 1991 में उसी निर्वाचन क्षेत्र से 10वीं लोकसभा के लिए फिर चुना गया।

राज्यपाल एस.सी. जमीर, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान, केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री जुएल ओराम और दूसरे राजनेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493