नई दिल्ली, 6 मार्च (आईएएनएस)। जितेश शर्मा (83) और गणेश सतीश (73) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर विदर्भ ने विजय हजारे ट्रॉफी के अंतिम ग्रुप मैच में सोमवार को असम को 104 रनों से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी विदर्भ की टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में नौ विकेट खोकर 273 रन बनाए। इस लक्ष्य को असम की टीम हासिल नहीं कर पाई और 169 रनों पर ही सिमट गई।
असम के लिए प्रीतम दास गेंद और बल्ले दोनों से सर्वोच्च योगदान दिया। प्रीतम ने गेंदबाजी करते हुए जहां तीन विकेट चटकाए, वहीं बल्लेबाजी करते हुए 57 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली।
असम की पारी को 41.1 ओवरों में समटेने में अभिषेक चौरसिया (37/6) की भूमिका अहम रही।
ग्रुप-ए में हुए एक अन्य मैच में हरियाणा से 85 रनों से हारने के बावजूद बड़ौदा क्वार्टर फाइनल में प्रवेश हासिल करने में सफल रहा।
हरियाणा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। टीम ने राहुल तेवतिया (नाबाद 78), नितिन सैनी (67) और राहुल डागर ( नाबाद 56) के अर्धशतकों के दम पर निर्धारित 50 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 266 रन बनाए। लक्ष्य हासिल करने उतरी बड़ौदा की टीम हालांकि 40.1 ओवरों में 181 पर ही ढेर हो गई।
हरियाणा के लिए आशीष हुड्डा और संजय पहल ने तीन-तीन विकेट लिए।
टूर्नामेंट के ग्रुप-ए में सोमवार को अंतिम ग्रुप मैच ओडिशा और पंजाब के बीच खेला गया, जिसमें ओडिशा ने बाजी मारी। ओडिशा ने पंजाब को 69 रनों से हराया।
गोविंदा पोद्दार (120) की शानदार शतकीय पारी के दम पर ओडिशा ने 240 रन बनाए और धीरज सिंह (49/5) की दमदार गेंदबाजी के दम पर पंजाब की पारी 171 रनों पर ही समेट दी। इस जीत के बावजूद ओडिशा की टीम क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रही।
dharmpath.com dharmpath