केजरीवाल ने मानहानि का गंभीर अपराध किया : जेटली

नई दिल्ली, 7 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने मंगलवार को दिल्ली उच्च न्यायालय से कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ‘मेरी पत्नी और बेटी के एक फर्जी कंपनी से संबंधित होने का आरोप लगाते हुए दुर्भावनापूर्ण झूठ गढ़ा’ और ‘गंभीर मानहानि’ वाला कार्य किया।

दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) से संबद्ध इस मामले में केजरीवाल की ओर से प्रख्यात वकील रामजेठमलानी ने जेटली से जिरह की।

डीडीसीए में कथित भ्रष्टाचार को लेकर अपने ऊपर लगाए गए आरोपों के खिलाफ जेटली ने केजरीवाल और आम आदमी पार्टी (आप) के पांच अन्य सदस्यों पर मानहानि का मुकदमा किया है।

जेठमलानी के सवालों का जवाब देते हुए जेटली ने संयुक्त रजिस्ट्रार अमित कुमार की अदालत में कहा कि न सिर्फ उन पर लगाए गए आरोप झूठे हैं, बल्कि केजरीवाल ने सार्वजनिक चर्चा के दौरान निचले स्तर की भाषा का प्रयोग किया और भ्रष्टाचार के बेहद अपमानजनक आरोप लगाए, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को गंभीर क्षति पहुंची है।

जेटली ने कहा कि सोशल मीडिया पर लोग सार्वजनिक जीवन जीने वाले लोगों के खिलाफ गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणियां देते रहते हैं, लेकिन जब कोई मुख्यमंत्री ऐसे बयान देता है तो यह मसला गंभीर बन जाता है।

जेटली ने आरोप लगाने वाले अन्य लोगों की जगह केजरीवाल के खिलाफ मानहानि का दावा करने की वजह बताते हुए कहा, “यहां तक कि झूठे आरोपों को लोगों ने सच मानना शुरू कर दिया था। एक ऐसे व्यक्ति द्वारा जो समाज में एक विशेष छवि रखता है, बार-बार अपमानजनक बयान देने के कारण मुझे यह कार्रवाई करनी पड़ी।”

जेठमलानी ने पूछा कि डीडीसीए में उन पर भ्रष्टाचार के आरोप वाला ट्वीट करने वाली सामाजिक कार्यकर्ता मधु किश्वर की जगह उसी ट्वीट को रिट्वीट करने वाले केजरीवाल के खिलाफ मुकदमा क्यों किया गया?

इस सवाल के जवाब में जेटली ने कहा, “किसी ट्वीट में लगाए गए झूठे आरोप को जब कोई मुख्यमंत्री रिट्वीट करता है तो उसे सच माना जाने लगता है।”

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से 2013 में बाहर किए जा चुके जेठमलानी ने जेटली से ऐसे राजनीतिक सवाल भी पूछे, जिसे संयुक्त रजिस्ट्रार ने अप्रासंगिक कहकर अमान्य कर दिया।

जेठमलानी ने भ्रष्टाचार के अनेक आरोप लगाने वाले पूर्व भारतीय कप्तान बिशन सिंह बेदी से किसी तरह की दुश्मनी होने की बात भी जेटली से पूछी। बेदी ने जेटली पर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगाए थे।

इस पर जेटली ने कहा, “मेरी उनसे कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। मुझे याद है कि वह एक बार डीडीसीए अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ चुके हैं, जिसमें उन्हें हार मिली थी..मैं निरंतर यह मानता हूं कि बेदी एक प्रतिष्ठित क्रिकेट खिलाड़ी का सम्मान पाए जाने के हकदार हैं। लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने मेरे खिलाफ प्रचार किया।”

अदालत ने मामले पर सुनवाई की अगली तारीखें 15 और 17 मार्च तय की हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493