एडीजी एटीएस/कानून-व्यवस्था दलजीत सिंह चौधरी ने बताया कि मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में खुरासान माड्यूल के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। सीरिया में अपने आकाओं से इन युवाओं के संपर्क बने थे। घटना की शुरुआत मध्य प्रदेश में भोपाल-उज्जैन पैसेंजर में विस्फोट से हुई।
उन्होंने कहा, “विस्फोट की साजिश कानपुर के जाजमऊ इलाके के सैफुल्लाह ने रची। इसके लिए लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र के हाजी कालोनी में किराये का मकान लेकर तैयारी की गई। साजिश में सैफुल्लाह के अलावा कानपुर केएडीए कालोनी निवासी दानिश अख्तर उर्फ जफर, अलीगढ़ के इंद्रानगर निवासी सैयद मीर हुसैन उर्फ हम्जा और कानपुर के जाजमऊ निवासी आतिश मुजफ्फर के अलावा कुछ अन्य सदस्य भी शामिल थे।”
चौधरी ने बताया, “सैफुल्लाह और एक साथी को छोड़ यहीं से तीनों आतंकी मप्र विस्फोट ऑपरेशन में गए। विस्फोट के बाद मध्य प्रदेश पुलिस ने दानिश, मीर हुसैन और आतिश को पिपरिया से गिरफ्तार कर लिया।”
कानपुर में पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से मिले लैपटॉप में एटीएस टीम को आईएस के भड़काऊ साहित्य के अलावा बम बनाने की तरकीब का वीडियो फुटेज मिला है। इस ग्रुप के कई सदस्यों के फोटोग्राफ भी मिले हैं।
dharmpath.com dharmpath