बांदा, 9 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बांदा में शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की शाम शौच के लिए गई एक दलित किशोरी से एक युवक ने कथित रूप से दुष्कर्म किया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
शहर कोतवाल के.पी. सिंह ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की 15 वर्षीय दलित किशोरी बुधवार की शाम शौच के लिए अकेले गांव के बाहर खेत गई थी। वहां पहले से मौजूद गांव के ही युवक ने उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।
उन्होंने बताया कि किशोरी के पिता की तहरीर पर आरोपी युवक विनोद राजपूत के खिलाफ दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी की शिकायत पर पॉक्सो और एससी-एसटी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
dharmpath.com dharmpath