लखनऊ के चौक डकैती कांड में रायबरेली से 2 गिरफ्तार

पुलिस का कहना है कि दोनों ने लूट की घटना में शामिल होने की बात कबूल कर ली है। गिरफ्त मे आए अभियुक्तों ने लूटकांड में कुल सात लोगों के शामिल होने की बात बताई है।

प्रेसवार्ता के दौरान एसएसपी लखनऊ मंजिल सैनी ने बताया, “रायबरेली की लालगंज थाना पुलिस ने मुखबिर की खास सूचना पर मंगलवार देर रात उमरामऊ निवासी हरविलास सिंह व देवगांव निवासी राजबहादुर लोध को गिरफ्तार किया गया। दोनों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई तो दोनों ने चौक में हुई डकैती की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है।”

पुलिस ने उनकी निशानदेही पर करीब एक किलो ज्वेलरी भी बरामद करने का दावा किया है। इसकी जानकारी मिलने के बाद राजधानी से अपराध शाखा की टीम भी पूछताछ के लिए रायबरेली पहुंची। इसके साथ ही इलाहाबाद पुलिस ने भी हाल में हुई लूट की घटनाओं के बारे में जानकारी करने के लिए लालगंज कोतवाली पहुंचकर पूछताछ की।

बीते रविवार चौक थानाक्षेत्र के गोल दरवाजे के पास मुकुंद ज्वेलर्स के यहां नकाब पहने करीब सात बदमाशों ने धावा बोला और दुकान के अंदर बैठे प्रवीण को सारा सामान बाहर निकालने को कहा। विरोध करने पर प्रवीण को बंदूक के बट से घायल कर दिया। वहीं बेटे दिपांशु के पैर में गोली मार दी।

अचानक हुए हमले से दुकान में मौजूद कर्मचारी व व्यापारी शोर मचाकर भाग गए। बदमाश करीब 40 किलो सोना और करीब 13 करोड़ रुपये कैश लूट ले गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर तीन बदामाशों की फोटो भी जारी की थी।

अब इस मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस घटना में लिप्त अन्य बदमाशों की तलाश कर रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493