भोपाल, 10 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में हवाओं के रुख में बदलाव से शुक्रवार को मौसम के मिजाज में बदलाव आया है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है।
राज्य में शुक्रवार सुबह से आसमान साफ रहा और तेज धूप खिली रही, लेकिन हवाओं ने मौसम को सुहावना बनाया। मौसम विभाग के मुताबिक, हवाओं का रुख पश्चिमी होने के साथ अरब सागर से आ रही नमी से राज्य के मौसम में बदलाव हुआ है। बीते 24 घंटों के दौरान शहडोल संभाग के अलावा बालाघाट, सिवनी एवं दतिया में बौछारें पड़ीं।
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में ग्वालियर, चंबल संभाग के अलावा आगर, राजगढ़, दमोह, कटनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी आदि स्थानों पर हवाएं चलने के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है।
राज्य के मौसम में बदलाव के साथ तापमान में बदलाव जारी है। शुक्रवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री, इंदौर का 15.9 डिग्री, ग्वालियर का 15.5 डिग्री और जबलपुर का 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं गुरुवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री, इंदौर का 31.4 डिग्री, ग्वालियर का 30.3 डिग्री और जबलपुर का 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath