डेनिम महिलाओं, पुरुषों में समान रूप से लोकप्रिय : सर्वे

नई दिल्ली, 10 मार्च (आईएएनएस)। सर्दी या गर्मी, दिन या रात, कैजुअल हो या फॉर्मल, डेनिम हर मौसम और अवसर के लिए भारतीयों का पसंदीदा परिधान है और इसमें महिलाओं-पुरुषों के बीच कोई विभेद नहीं है। यह महिलाओं-पुरुषों के बीच समान रूप से लोकप्रिय है।

विभिन्न जनसांख्यिकी में डेनिम के इस्तेमाल और भारतीय इस जींस का किस तरह से उपयोग करते हैं, इसे मापने के लिए रिटेल चेन वेस्टसाइड ने भारत के कुछ प्रमुख शहरों में ‘डेनिम सर्वे’ किया। सर्वे में 1200 प्रतिभागियों को शामिल किया गया। सर्वे मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरू, कोलकाता, चेन्नई, हैदराबाद और पुणे में किया गया।

इसमें भारतीय डेनिम जींस पहने हुए ही कितनी बार हल्की नींद ले लेते हैं, इसकी धुलाई कैसे करते हैं और जींस की जोड़ी खरीदने पर वे कितना खर्च करते हैं, जैसे सवाल पूछे गए।

सर्वे में यह सामने आया कि पुरुष और महिलाएं, दोनों समान रूप से डेनिम को पसंद करते हैं यानी यह लैंगिक पूर्वाग्रह से मुक्त है। सर्वे में पाया गया कि 39.46 प्रतिशत महिलाएं और 41.76 प्रतिशत पुरुषों के पास 4 से 6 जोड़ी जींस हैं और दोनों ही तबका अपनी डेनिम्स पर 1,000 से 2,000 रुपये के बीच खर्च करता है।

डेनिम की धुलाई के मामले में हैदराबाद सबसे आगे रहा। यह एकमात्र महानगर है, जहां लोग अन्य शहरों की तुलना में हफ्ते में एक बार (45.59 प्रतिशत) अपनी डेनिम को साफ करते हैं।

सर्वे में इस सवाल को भी उठाया गया कि डेनिम को लोग कैजुअल मानते हैं या फार्मल। सर्वे से पता चला कि लोग इसे दोनों रूप में लेते हैं। 47 फीसदी लोग इसे रोजाना पहनते हैं। 33 वर्ष से अधिक उम्र के करीब 62 प्रतिशत लोग काम के दौरान भी डेनिम पहनना पसंद करते हैं।

सर्वे में ज्यादातर प्रतिभागियों ने कहा कि वे स्ट्रेट फिटिंग वाली जींस लेना पसंद करते हैं। लेकिन, आधुनिक डेनिम चुनने को लेकर कुछ लोगों की राय इससे उलट थी। दिल्ली के नौ प्रतिशत प्रतिभागियों ने स्पष्ट तौर पर कहा कि वे घिसी-फटी जींस पसंद करते हैं, वहीं चेन्नई के केवल 1.85 प्रतिशत लोगों और मुंबई के 6.03 प्रतिशत प्रतिभागियों ने इस तरह के जींस को अपनी पसंद बताया।

इस सीजन में वापसी करने वाले बेलबॉटम के कद्रदान केवल पुणे में मिले। 5.41 प्रतिशत पुणेवासियों ने जींस के इस ट्रेंड को पसंद किया। क्लासिक डेनिम की बात करें तो कोलकाता में सबसे ज्यादा 74.6 प्रतिशत प्रतिभागियों ने इसे अपनी पसंद बताया।

वेस्टसाइड का परिचालन करने वाली फर्म ट्रेंट लिमिटेड की मार्केटिंग हेड नमिता पंत ने सर्वे पर कहा, “उपभोक्ताओं के व्यवहार और तरजीह को समझने से कारोबार और ब्रांड के उत्पादों व सेवाओं को डिजाइन करने में मदद मिलती है। वेस्टसाइड की ओर से कराए गए सर्वे के नतीजों से यह पता चलता है कि स्त्री-पुरुष, भौगोलिक स्थिति और स्टाइल से परे डेनिम सर्वाधिक आरामदायक है और भारत में यह व्यापक तौर पर पहना जाने वाला परिधान है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493