मतगणना केंद्रों की सुरक्षा के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए प्रदेश पुलिस के साथ ही 187 कंपनी अर्धसैनिक बलों की भी तैनाती की गई है। मतगणना के समय सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती होगी, इसके बाद ईवीएम से गिनती शुरू की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी टी. वेंकटेश ने बताया, “72 जनपदों में मतगणना एक केंद्र पर हो रही है, जबकि तीन जनपद आजमगढ़, कुशीनगर तथा अमेठी में मतगणना दो केंद्रों पर होगी।”
वेंकटेश ने बताया, “मतगणना के दौरान शांति बनाए रखने के लिए 187 कंपनी अर्धसैनिक बल तैनात किया गया है। मतगणना केंद्रों पर अर्धसैनिक बलों के अलावा पीएसी, राज्य पुलिस व होमगार्ड भी लगाए गए हैं। मतगणना पर सतर्क दृष्टि रखने के लिए सभी 403 विधानसभा सीटों पर आयोग की ओर से प्रेक्षक भी तैनात किए गए हैं।”
उन्होंने कहा, “इसके साथ ही पूरी मतगणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। सुरक्षा के दृष्टिगत आयोग की ओर से त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। इसमें प्रथम स्तर पर लोकल पुलिस, द्वितीय स्तर पर स्टेट आम्र्ड पुलिस तथा तृतीय स्तर पर अर्धसैनिक बल तैनात किया जाएगा।”
उन्होंने बताया, “मतगणना हाल में संपूर्ण मतगणना प्रक्रिया की आधिकारिक रिकार्डिग करने के अलावा मीडिया को भी किसी कैमरे से स्टिल या वीडियो बनाने की अनुमति नहीं है। ऐसे में इलेक्ट्रानिक मीडिया और पत्रकारों को मतगणना हाल के अंदर कैमरा स्टैंड ले जाने की अनुमति नहीं होगी। ईसीआई पासधारकों को हाथ का कैमरा ले जाने की अनुमति दी जा सकती है।”
वेंकटेश ने बताया, “प्रत्येक मतगणना टेबल पर माइक्रो आब्जर्वर की भी तैनाती की गई है, जो अपनी टेबल पर मतगणना प्रक्रिया की निष्पक्षता के लिए जिम्मेदार होगा। मतगणना हाल में प्रेक्षक के अलावा किसी को भी मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी।”
dharmpath.com dharmpath