अमरावती/हैदराबाद, 10 मार्च (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के बेटे नारा लोकेश शुक्रवार को राज्य विधान परिषद के लिए निर्विरोध निर्वाचित होने वाले सात उम्मीदवारों में शामिल हैं।
लोकेश के राज्य मंत्रिमंडल में शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा सत्ताधारी तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के चार उम्मीदवार और विपक्षी दल वाईएसआर कांग्रेस पार्टी दोनों उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
लोकेश (34) तेदेपा के महासचिव हैं। वह स्टैनफोर्ड से स्नातक और परिवार के स्वामित्व वाली एक कंपनी हेरिटेज फूड्स के निदेशक हैं।
यह चुनाव विधानसभा के ऊपरी सदन की सात रिक्त सीटों को भरने के लिए हुआ था। इन सीटों के लिए सिर्फ सात लोगों ने पर्चे भरे थे।
नामांकन वापसी की अंतिम तिथि के नजीतों का ऐलान किया गया। तेदेपा के जो अन्य उम्मीदवार निर्वाचित हुए हैं, उनमें राज्य के पूर्व मंत्री डी. माणिक्य वराप्रसाद, करणम बलरामकृष्णा मूर्ति, पी.सुनीता और बी.अर्जुनुडा शामिल हैं।
वाईएसआर कांग्रेस के अल्ला श्रीनिवास और गंगुला प्रभाकर रेड्डी चुने गए हैं।
उधर, तेलंगाना में सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के सभी तीनों उम्मीदवार भी विधान परिषद के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इनमें एम. हनुमंथा राव, ई. कृष्णा रेड्डी और वी. गंगाधर गौड शामिल है। गौड एमएलए कोटा से निर्वाचित हुए।
dharmpath.com dharmpath