विधायक दल की बैठक में होगा मुख्यमंत्री का चयन : वेंकैया नायडू

लखनऊ, 18 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक दल की बैठक में शामिल होने पहुंचे केंद्रीय पर्यवेक्षक वेंकैया नायडू ने बताया कि बैठक में ही राज्य के मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगेगी।

लखनऊ एयरपोर्ट से बाहर निकलने के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत में नायडू ने यह बात कही।

लोकभवन में आज (शनिवार) भाजपा के विधायक दल की बैठक शाम चार बजे शुरू होगी। इसमें केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर वेंकैया नायडू और भूपेंद्र यादव मौजूद रहेंगे।

नायडू ने कहा कि चार बजे विधायक दल की बैठक होगी। इसके बाद उसकी रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष को दी जाएगी। शाम पांच बजे के बाद मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।

उन्होंने यह भी साफ किया कि अभी तक मुख्यमंत्री को लेकर जो नाम चल रहे हैं, वे महज अटकलें हैं। मुख्यमंत्री का फैसला विधायक दल की बैठक में लिया जाएगा।

नायडू ने कहा कि नई सरकार का शपथ-ग्रहण रविवार को होगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और सहयोगी दलों के मुख्यमंत्री भी हिस्सा लेंगे।

उल्लेखनीय है कि उप्र के नए मुख्यमंत्री की दौड़ में केंद्रीय रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा का नाम लिया जा रहा है। हालांकि, इस दौड़ में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य व योगी आदित्यनाथ भी शामिल हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493