कुश्ती : नवीन को हराकर कपिल बने भारत केसरी

नई दिल्ली, 18 मार्च (आईएएनएस)। पदमश्री और द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित रहे गुरू हनुमान के 117वें जन्मदिवस पर आयोजित विशाल दंगल में गुरू हनुमान अखाड़े के पहलवान कपिल धामा ने 90 किलो ग्राम से अधिक भारवर्ग में नवीन मोर को हराकर गुरू हनुमान भारत केसरी खिताब अपने नाम किया।

महिलाओं में 60 किलोग्राम भारवर्ग से अधिक के मुकाबले में दिव्या काकरण ने जीत हासिल की।

धामा को भारत केसरी खिताब जीतने पर एक लाख रुपए की पुरस्कार राशि मिली जबकि दिव्या को 41 हजार रुपए का पुरस्कार दिया गया।

60 किलोग्राम भारवर्ग में नरेश अखाड़े के रवींद्र पहले और प्रवीण दूसरे स्थान पर रहे। 70 किलोग्राम भारवर्ग में गुरू हनुमान अखाड़े के मंजीत को पहला और अमित को दूसरा स्थान मिला। 80 किलोग्राम भारवर्ग में गुरू हनुमान अखाड़े के राजेश भाटी को पहला और सचिन राठी को दूसरा तथा 90 किलोग्राम भारवर्ग में छत्रसाल स्टेडियम के दीपक को पहला और अमित को दूसरा स्थान मिला।

महिलाओं के 53 किलोग्राम भारवर्ग में हरियाणा के जींद की अंजू विजेता बनी। 60 किलोग्राम भारवर्ग में निडानी की अंशू ने खिताब जीता।

द्रोणाचार्य अवार्डी और गुरू हनुमान अखाड़े के संचालक महासिंह राव के मुताबिक इस दंगल में कुल 230 पुरुष पहलवानों और 70 महिला पहलवानों ने हिस्सा लिया और भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493