लखनऊ, 20 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ तथा आसपास के इलाकों में सोमवार सुबह से ही तेज धूप निकली हुई है, जिससे तापमान में वृद्घि दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटों के दौरान तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की वृद्घि दर्ज किए जाने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता ने बताया कि दिन में तापमान में बढोतरी दर्ज की जाएगी। हिमालय के क्षेत्रों में बर्फबारी रुकने की वजह से अब मैदानी इलाकों में ठंडी हवाओं की रफ्तार सुस्त पड़ गई है, जिससे गर्मी के बढ़ने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अतिरिक्त बनारस का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री, कानपुर का 16.4 डिग्री, गोरखपुर का 20.4 डिग्री, इलाहाबाद का 18 डिग्री और झांसी का 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath