ब्रसेल्स, 21 मार्च (आईएएनएस)। यूरोपीय परिषद (ईयू) के अध्यक्ष डोनाल्ड टस्क ने मंगलवार को घोषणा की कि वह ब्रेक्सिट पर यूरोपीय संघ के दिशा-निर्देशों को अंतिम रूप देने के लिए 29 अप्रैल को एक विशेष शिखर सम्मेलन का आयोजन करेंगे।
टस्क ने कहा कि बैठक में सभी नागरिकों, कंपनियों और सदस्य देशों के लिए स्पष्टता लाने का प्रयास किया जाएगा।
‘इंडिपेंडेंट’ के अनुसार, यह बैठक उस वक्त होगी जब फ्रांस में चुनाव हो रहे होंगे।
शिखर सम्मेलन में सभी की निगाहें इस बात पर होगी कि ईयू नेता नए व्यापारिक करार से पहले कितनी मजबूती से ब्रिटेन को अपने ‘अलगाव विधेयक’ के निपटारे के लिए जोर डालते हैं।
तिथि की घोषणा करते हुए टस्क ने कहा कि उनकी कोशिश ‘अलगाव की इस प्रक्रिया को ईयू के लिए कम से कम दुखदाई करने की होगी।’ लेकिन, उन्होंने इसका उल्लेख नहीं किया कि यह अलगाव ब्रिटेन के लिए आगे चलकर ‘दुखों’ की वजह बन सकता है या नहीं।
उन्होंने ब्रसेल्स में संवाददाता सम्मेलन में कहा, “बीते दिन लंदन में जो घोषित किया गया था, उसके मद्देनजर मैं आपको सूचित करना चाहूंगा कि मैंने शनिवार, 29 अप्रैल को ब्रेक्सिट वार्ता के दिशा निर्देशों के लिए यूरोपीय परिषद की बैठक बुलाई है।”
उन्होंने कहा, “मेरी व्यक्तिगत रूप से यह ख्वाहिश रही है कि युनाइटेड किंगडम (यूके) ईयू से अलग न हो। लेकिन, अधिकांश ब्रिटिश मतदाताओं ने ऐसा फैसला लिया। इसलिए ईयू के लिए अलगाव की प्रक्रिया को कम दुखदाई बनाने के लिए हमें कुछ करना चाहिए।”
dharmpath.com dharmpath