कोलकाता, 21 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के प्रख्यात कवि सृजतो बंदोपाध्याय द्वारा सोशल मीडिया पर 12 पंक्ति की एक कविता पोस्ट करने के बाद हिदू धर्म की भावना आहत करने को लेकर उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज की गई है।
बांग्ला भाषा के कवि सृजतो ने अपने खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज होने पर हैरानी जताते हुए कहा कि इससे पता चलता है कि भारत ‘बढ़ रही असहिष्णुता’ की गिरफ्त में है।
शिकायतकर्ता अर्नब सरकार ने सोमवार रात पश्चिम बंगाल के उत्तरी सिलीगुड़ी पुलिस आयुक्तालय में स्थित साइबर अपराध पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने सृजतो को गिरफ्तार किए जाने और ऐसी सजा दिए जाने की मांग की है, जो उदाहरण बने।
दार्जिलिंग जिले के सिलिगुड़ी में रहने वाले सरकार ने कहा, “मैं सभी बुद्धिजीवियों को अन्य धर्मो के स्याह पक्ष के बारे में लिखने की चुनौती देता हूं।”
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि शिकायत के संबंध में उच्च अधिकारियों से राय ली जा रही है।
सिलीगुड़ी के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अरिंदम सरकार ने कहा, “मामले में शिकायत दर्ज कर ली गई है। शिकायत के संबंध में हम उच्च अधिकारियों से मशविरा कर रहे हैं। हम मामले में आगे की जांच के लिए कोलकाता पुलिस की साइबर अपराध शाखा से भी संपर्क कर सकते हैं।”
सृजतो ने 19 मार्च को अपने फेसबुक पेज पर ‘अभिशाप’ शीर्षक से 12 पंक्तियों की एक कविता पोस्ट की है। उल्लेखनीय है कि इसी दिन उत्तर प्रदेश में नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शपथ ग्रहण किया था।
सृजतो ने जाने-माने अभिनेता कमल हासन द्वारा पवित्र हिंदू ग्रंथ ‘महाभारत’ पर की गई टिप्पणी के खिलाफ शिकायत का संदर्भ देते हुए कहा, “यह हैरान करने वाला है। यह हर जगह हो रहा है। पूरा देश असहिष्णुता की गिरफ्त में है। और यह धीरे-धीरे बढ़ ही रहा है।”
dharmpath.com dharmpath