मप्र : विश्वविद्यालय पाठ्यक्रम में ‘गोंड’ की विवेचना पर विधानसभा में हंगामा

भोपाल, 22 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रमों में पढ़ाई जा रही ‘भारत का भूगोल’ पुस्तक में गोंड जनजाति को गाय को मारने वाला और गाय का मांस खाने वाला बताया गया है। इस मुद्दे पर बुधवार को कांग्रेस विधायकों ने जमकर हंगामा किया। बढ़ते हंगामे के चलते विधानसभा की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।

विधानसभा में कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष अजय िंसह ने बुधवार को शून्य काल के दौरान विश्वविद्यालयों के एमए कक्षा के पाठ्यक्रम में पढ़ाई जा रही ‘भारत का भूगोल’ पुस्तक में गोंड जनजाति को लेकर दिए गए ब्यौरे का मामला उठाया। सिंह ने कहा कि इस किताब में गोंड जनजाति के बारे में लिखा गया है -‘गोंडी भाषा में इसका अर्थ है गाय को मारने वाला और गाय का मांस खाने वाला।’ यह इस जनजाति का अपमान है।

सिंह के इस मामले को उठाए जाने पर कांग्रेस और सत्तासीन भाजपा के विधायकों के बीच तू-तू मै-मै होने लगी। भाजपा विधायक कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि कांग्रेस को यह मामला पहले विधानसभा के पटल पर रखना चाहिए। ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव ने सदन मे उच्च शिक्षा विभाग पर होने वाली चर्चा में इस मामले को उठाने की सलाह दी। बढ़ते हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित की गई।

सदन के बाहर सिंह ने कहा, “यह गोंड जनजाति का अपमान है। इस अध्याय को पाठ्यक्रम से हटाएं और सरकार इसके लिए माफी मांगे। साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इस पर अपना वक्तव्य दें।”

भाजपा विधायक विजयवर्गीय द्वारा गोंड जनजाति को मामले को सदन पटल पर रखे जाने के मसले पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा, “सालों बाद विधानसभा में आए और नियम-कानून बताने लगे हैं। उन्हें यह पता होना चाहिए कि शून्य काल में कोई भी मामला उठाया जा सकता है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493