दिल्ली : वकीलों की हड़ताल के कारण न्यायिक कामकाज प्रभावित

नई दिल्ली, 23 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी में वकीलों की हड़ताल के कारण गुरुवार को न्यायिक कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ। वकील ‘कानूनी पेशे की गरिमा की रक्षा’ के लिए हड़ताल पर हैं।

वकील ‘बार काउंसिल ऑफ इंडिया’ (बीसीआई) की तरफ से विधि आयोग से की गई सिफरिश का विरोध कर रहे हैं, जिसमें कहा गया है कि वकीलों की हड़ताल पर प्रतिबंध लगा दिया जाना चाहिए और ऐसा करने वालों पर जुर्माना लगाया जाना चाहिए।

दिल्ली की सभी जिला अदालत बार एसोसिएशन की समन्वय समिति ने कहा कि सभी छह जिला अदालतों तीस हजारी, रोहिणी, कड़कड़डूमा, साकेत और द्वारका में हड़ताल जारी है।

समिति ने कहा कि हड़ताल बीसीआई या किसी अन्य संगठन के खिलाफ नहीं है, बल्कि कानूनी पेशे की ‘गरिमा की रक्षा’ के लिए की गई है।

नई दिल्ली बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष मिश्रा ने कहा, “कोई भी वकील अदालत के समक्ष हाजिर नहीं होगा क्योंकि हमने काम न करने का फैसला किया है। हड़ताल सफल है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493