शिवसेना सांसद का एयर इंडिया कर्मचारी से माफी मांगने से इनकार

नई दिल्ली, 24 मार्च (आईएएनएस)। एयर इंडिया के एक कर्मचारी की ’25 बार’ चप्पल से पिटाई करने वाले शिवसेना के सांसद रविंद्र गायकवाड़ ने शुक्रवार को माफी मांगने से इनकार कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि वह इसी विमानन कंपनी की उड़ान से शाम में मुंबई जाएंगे।

गायकवाड़ ने कहा, “मैं माफी नहीं मांगूंगा। मैं क्यों माफी मांगूं? मेरी गलती नहीं है। पहले उन्हें माफी मांगनी चाहिए, फिर (हम) देखेंगे। मैं आज शाम उसी विमानन कंपनी की उड़ान से पुणे जाऊंगा। मैंने टिकट बुक कराया है। मैं यात्री हूं।”

यह पूछे जाने पर कि उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है, फिर वह कैसे पुणे जाएंगे, उस्मानाबाद से सांसद ने कहा कि वह इन सबकी परवाह नहीं करते।

उन्होंने कहा, “मामला किस तरह का है? मैं जाऊंगा। मेरे वकील, मेरी पार्टी और उद्धव ठाकरे साहब (शिवसेना अध्यक्ष) मामले को देखेंगे।”

गायकवाड़ ने गुरुवार को एयर इंडिया के एक कर्मचारी को ’25 बार’ चप्पल से मारने की बात स्वीकार की थी।

गायकवाड़ का कहना है कि पुणे-नई दिल्ली उड़ान संख्या एआई-852 में बिजनेस क्लास का टिकट होने के बावजूद उन्हें इकोनोमी क्लास में सीट दी गई।

वहीं, एयर इंडिया ने कहा है कि वह विमान पुराना था और इसलिए उसमें बिजनेस क्लास ही नहीं था।

घटना गुरुवार सुबह करीब 10.30 बजे की है, जब विमान नई दिल्ली पहुंचा।

एयर इंडिया ने गायकवाड़ के खिलाफ दो अलग एफआईआर दर्ज कराई है। इनमें से एक शिफ्ट मैनेजर की पिटाई और दूसरा गोवा के लिए निर्धारित विमान की उड़ान में देरी का मामला है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493