योगी सरकार की छवि खराब की तो खर नहीं : हिंदू युवा वाहनी

हिंदू युवा वाहनी के मेरठ मंडल प्रभारी विवेक सिंह ने यहां शुक्रवार को कहा कि वाहनी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को सचेत रहने की जरूरत है।

उन्होंने सख्त लहजे में कहा, “जो भी सरकार की छवि को धूमिल करने की कोशिश करेगा या किसी अफसर पर अपने निजी स्वार्थ की पूर्ति के लिए अनर्गल दवाब बनाने का प्रयास करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।”

अपने बयान में विवेक सिंह ने कहा कि किसी को यह विश्वास नहीं था कि यूपी में भाजपा पूर्ण बहुमत से सत्ता में आ जाएगी। लेकिन प्रदेश की जनता ने भाजपा और पीएम मोदी पर ऐसा विश्वास जताया कि बाकी पार्टियों को नेस्तनाबूत कर दिया। पीएम मोदी ने ऐसे व्यक्तित्व आदित्यनाथ योगी को यूपी की बागडोर सौंप दी है, जो निश्चित तौर पर प्रदेश का चहुंमुखी विकास करके दिखाएंगे।

उन्होंने कहा कि योगी ने पद की शपथ लेने के तुरंत बाद सबसे पहले अवैध बूचड़खानों को बंद कराया। महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर पूरे प्रदेश में एंटी-रोमियो स्क्वैड का गठन कराया। इसके अलावा हर रोज कोई न कोई ऐसा आदेश जारी कर रहे हैं, जिससे उनकी जनता के बीच छवि बेहतर बनती जा रही है।

विवेक सिंह ने कहा कि योगी की लोकप्रियता से विपक्षी पार्टियां घबरा गई हैं, वे लोग योगी को बदनाम करने की कोशिश जरूर करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493