नई दिल्ली, 25 मार्च (आईएएनएस)। रोमांचक पर्यटन को बढ़ावा देने के मकसद से पर्यटन विभाग और भारतीय साइकिलिंग महासंघ माउंटेन बाइकिंग प्रतियोगिता ‘द अल्टिमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज’ के तीसरे संस्करण का आयोजन करने जा रहा है।
यह प्रतियोगिता आठ अप्रैल से शुरू होगी जो 16 अप्रैल तक चलेगी। इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के इच्छुक प्रतिभागी निशुल्क पंजीकरण करा सकते हैं।
इस प्रतियोगिता में तकरीबन 15 देशों के साइकिल चालक हिस्सा ले रहे हैं। टूर्नामेंट में प्रतिभागियों को 884 किलोमीटर लंबी दूरी तय करनी होगी, जो नैनीताल से शुरू होकर पिथौरागढ़, बागेश्वर, कर्णप्रयाग, गुप्ताकाशी, टिहरी, चिन्यालिसौर, मसूरी तक जाएगा।
यूटीडीबी के निदेशक आर. के. जोशी ने कहा, “इस प्रतियोगिता के आयोजन से प्रदेश में सहासिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। माउंटेन बाइकिंग चैलेंज के लिए भी राइडर्स देश विदेश के विभिन्न क्षेत्रों से यहां आएंगे। इस तरह की प्रतियोगिता के आयोजन से देश एवं विदेश में सुरक्षित उत्तराखंड का संदेश पहुंचाने में भी सफलता मिलेगी। स्थानीय युवाओं का आकर्षण भी माउंटेन बाइकिंग के प्रति बढ़ेगा।”
उन्होंने बताया, “एमटीबी बाइक रैली का आगाज आठ अप्रैल से होगा, लेकिन इससे पहले सात अप्रैल को नैनीताल में प्री क्वालिफाइंग रेस का आयोजन किया जाएगा। प्री क्वालिफाइंग रेस के आधार पर ही प्रतिभागी इस रेस में भाग लेंगे।”
dharmpath.com dharmpath