गोयल ने स्पेशल विंटर गेम्स से पदक जीत लौटे खिलाड़ियों को सम्मानित किया

नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। खेल मंत्री विजय गोयल ने सोमवार को स्पेशल ओलम्पिक वर्ल्ड विंटर गेम्स-2017 में पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

इन खेलों का आयोजन 14 से 25 मार्च के बीच आस्ट्रिया में हुआ, जिसमें भारत ने 37 स्वर्ण पदक सहित कुल 73 पदक जीते।

इन खेलों में पूरी दुनिया के 2,700 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। भारत ने इन खेलों में 37 स्वर्ण, 10 रजत और 26 कांस्य पदक हासिल किए और पदक तालिका में पांचवें स्थान पर रही।

खिलाड़ियों के भारत लौटने पर गोयल ने इन्हें सम्मानित करते हुए कहा, “इन सभी खिलाड़ियों ने बताया है कि दृढ़ निश्चय और समर्पण के बलबूते इंसान कुछ भी हासिल कर सकता है।”

भारत को लंदन ओलम्पिक-2012 में कांस्य पदक दिलाने वाली स्टार मुक्केबाज मैरी कॉम ने भी सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और कहा कि पूरे देश को आप पर गर्व है।

मैरी कॉम ने कहा, “हमें आप सभी पर गर्व है। हम हमेशा आपके साथ हैं। यह सिर्फ शुरुआत है। भविष्य में आपको बहुत कुछ हासिल करना है। आपने जिस तरह से खेला उस पर हमें गर्व है।”

लंदन ओलम्पिक में कांस्य पदक लाने वाली भारत की बैडमिंटन स्टार सायना ने भी पदक जीतकर लौटे पैरा खिलाड़ियों को बधाई दी और कहा कि आप हमारे जैसे खिलाड़ियों के प्ररेणास्रोत हो।

सायना ने कहा, “हम आम खिलाड़ी 73 पदक लाने की सोच भी नहीं सकते, लेकिन आप लोगों ने यह कर दिखाया। आज की दुनिया में सभी बराबर हैं। एक खिलाड़ी होने के नाते हम सभी लड़ते हैं। जब हमें चोट लग जाती है तो हम विशेष हो जाते हैं। हम सभी विशेष इसलिए हैं क्योंकि खिलाड़ी भारत में वैसे ही कम हैं। यह दुख की बात है।”

उन्होंने कहा, “यह हमारे लिए खुशी की बात है। 73 पदक मजाक नहीं हैं। हम काफी भाग्यशाली हैं। मैं उम्मीद करती हूं कि आगे भी आप लोग ऐसे ही पदक जीतें और हमें प्ररेणा देते रहें।”

महिला निशानेबाज हिना सिद्धू ने भी पैरा खिलाड़ियों को बधाई दी और कहा कि आप हमारे लिए प्ररेणास्रोत हैं।

हिना ने कहा, “मैं जानती हूं, एक खिलाड़ी के तौर पर यह काफी मुश्किल होता। हम काफी मेहनत करते हैं, संघर्ष करते हैं। खिलाड़ी होने के नाते मैं जानती हूं कि आपका सफर हमसे कई ज्यादा मुश्किल होता है। मैंने भी अपने करियर में बुरा दौर देखा है और हम ऐसे में अपने आप को प्रेरित रखना चाहते हैं। आपने हमें वो प्ररेणा दी है।”

हिना ने कहा, “आपको हमसे कुछ लेने की जरूरत नहीं है बल्कि आप हमें बुहत कुछ दे रहे हो। आप हमें प्ररेणा दे रहे हो, आप हमें प्रोत्साहित कर रहे हो।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493